• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

मिर्जापुर: वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरौधा तिराहे पर चेकिंग के दौरान आरोपी बाइक से फरार होने की कोशिश कर रहा था। पुलिस टीम ने जब पीछा किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया और मौके पर ही दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद घायल आरोपी को पुलिसकर्मी कंधे पर उठाकर वाहन तक ले जाते हुए दिखाई दिए।

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह राजीव सिंह रोजाना की तरह टहलने निकले थे, तभी आरोपी ने बेहद करीब से उन पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई थी, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांच टीमें गठित की थीं और आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। महज 15 घंटे के भीतर पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके एक अन्य साथी की तलाश अभी जारी है। यह वारदात कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारु का पुरा मोहल्ले की बताई जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *