वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में विशेष धार्मिक व आध्यात्मिक आयोजनों की धूम रही। इस पावन अवसर पर शहर दक्षिणी के विधायक एवं पूर्व धर्मार्थ कार्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में 76 बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा का विधि-विधान से दुग्धाभिषेक और पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने अपने प्रिय सांसद व प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।

घाट पर आयोजित इस अनुष्ठान के दौरान माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। बटुकों द्वारा उच्चारित वेदमंत्रों और मां गंगा के जयकारों से पूरा तट गूंज उठा। आयोजन में शामिल स्थानीय नागरिक व श्रद्धालु अपने हाथों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र लेकर खड़े रहे और उनके प्रति अपनी आस्था व सम्मान प्रकट किया।

पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस सेवा, आध्यात्मिक आस्था और जनकल्याण की भावना के साथ मनाया जा रहा है। काशी की समृद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं में मां गंगा का स्थान सर्वोच्च है, इसलिए 76 बटुकों के साथ गंगा पूजन कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना करना काशीवासियों की अटूट आस्था और परंपरा का स्वाभाविक प्रकटीकरण है। इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
