वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगामी दो दिवसीय काशी दौरा एक बार फिर शहर को विकास, जनसंवाद और आध्यात्मिक आस्था के केंद्र में ला रहा है। 28 अप्रैल को वाराणसी पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री लगभग 20 घंटे तक शहर में रहेंगे और इस दौरान 6200 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात देंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सीधे बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (बरेका) स्थित कार्यक्रम स्थल जाएंगे। यहां वे “नारी शक्ति वंदन” कार्यक्रम के तहत आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे और शहर की प्रबुद्ध महिलाओं से संवाद करेंगे।

इस दौरान प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। बताया जा रहा है कि इन परियोजनाओं की कुल लागत 6200 करोड़ रुपये से अधिक है, जो शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर, परिवहन व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को और मजबूत बनाएंगी। काशी के सबसे अधिक भीड़ वाले दशाश्वमेध घाट के जीर्णोद्धार और पर्यटन विकास के लिए भी 827 लाख रुपये का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है, जिसका शिलान्यास प्रधानमंत्री करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचेंगे। इस दौरान उनका कार्यक्रम खासतौर पर महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित रहेगा, जहां वे सीधे हजारों महिलाओं से संवाद करेंगे। वाराणसी के बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (बरेका) इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाले इस भव्य सम्मेलन में करीब 50 हजार महिलाओं की भागीदारी का अनुमान है।
इस मंच से प्रधानमंत्री “महिला जनआक्रोश सम्मेलन” को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की विशेषता यह रहेगी कि मंच संचालन से लेकर स्वागत तक की जिम्मेदारी पूरी तरह महिलाओं के हाथों में होगी। आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं को छोड़कर लगभग सभी प्रमुख जिम्मेदारियां नारी शक्ति द्वारा निभाई जाएंगी, जो अपने आप में एक अनोखी पहल मानी जा रही है।

आयोजन में प्रधानमंत्री के साथ करीब 25 महिला जनप्रतिनिधि मंच साझा करेंगी। इनमें पार्षद, ग्राम प्रधान, जिला पंचायत अध्यक्ष समेत कई महिला नेता शामिल होंगी। भारतीय जनता पार्टी की ओर से इसके लिए विस्तृत सूची तैयार की जा चुकी है। पार्टी इस कार्यक्रम को महिला सशक्तिकरण के बड़े मंच के रूप में देख रही है और इसे लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है। महिला मोर्चा की टीमें विधानसभा स्तर पर घर-घर जाकर महिलाओं को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दे रही हैं।
इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री काशी को विकास की बड़ी सौगात भी देंगे। बरेका के इसी मंच से करीब 6350 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इनमें लगभग 1050 करोड़ रुपये की 48 परियोजनाओं का उद्घाटन और 4300 करोड़ रुपये से अधिक की महत्वाकांक्षी योजनाओं की आधारशिला शामिल है।
इन परियोजनाओं में गंगा नदी पर प्रस्तावित डबल डेकर सिक्स लेन पुल, 500 बेड का सुपर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, नगर निगम का नया हाईटेक भवन, कमिश्नरी परिसर में बनने वाला ट्विन टॉवर समेत कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं। माना जा रहा है कि ये परियोजनाएं भविष्य में शहर के विकास की आधारशिला साबित होंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को शाम करीब 4 बजे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे सेना के विशेष हेलीकॉप्टर से बरेका जाएंगे और कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे कार्यक्रम स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। महिला पुलिसकर्मियों को सुरक्षा की विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि एसपीजी (SPG) की टीम ने प्रधानमंत्री के रूट और कार्यक्रम स्थल का गहन निरीक्षण कर सुरक्षा को लेकर व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की हैं।
