• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई जिलों में आज से बारिश, तेज हवाएं और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है।

पश्चिमी यूपी में दिखा बदलाव, तापमान में गिरावट

शुक्रवार को नोएडा, गाजियाबाद और सहारनपुर में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक देखने को मिली। इसके चलते तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार तक इस बदलाव का असर मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच जाएगा। करीब 35 जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और कुछ इलाकों में ओले गिरने की संभावना है।

कई जिलों में ओलावृष्टि का खतरा, 9 अप्रैल तक असर

तापमान की बात करें तो शुक्रवार को वाराणसी और सुल्तानपुर सबसे गर्म रहे, जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बलिया में 38.5 डिग्री और बांदा में 38.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिणी अफगानिस्तान और पाकिस्तान के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर अब प्रदेश में दिखने लगा है। इसके चलते पश्चिमी, मध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र में मौसम लगातार बदलता रहेगा।

राजधानी लखनऊ में भी आज तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। कुछ इलाकों में ओले गिरने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में भी मौसम खराब बना हुआ है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश दर्ज की गई है। कई जिलों में अंधड़ और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य क्षेत्रों में यलो अलर्ट लागू है। मौसम विभाग के अनुसार, 9 अप्रैल तक ऐसे ही हालात बने रह सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *