• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

वाराणसी, 15 अप्रैल 2026: वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के तहत चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान में क्राइम ब्रांच और थाना लालपुर-पाण्डेयपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को भारी मात्रा में अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि पहड़िया मंडी इलाके में एक व्यक्ति बोलेरो वाहन से गांजा लाकर उसे बेचने की तैयारी में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए लालपुर-पाण्डेयपुर थाना पुलिस और SOG टीम ने संयुक्त रूप से इलाके में छापेमारी की। इस दौरान मौके से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया और उसके वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिलदेव सिंह (46 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बुलंदशहर का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली के नेहरू विहार, तिमारपुर क्षेत्र में रह रहा था। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 88 किलोग्राम गांजा, जिसे 56 पैकेटों में पैक किया गया था, बरामद किया। इसके अलावा एक बोलेरो वाहन (नंबर JH10 BJ 7297), 200 रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, निर्वाचन पहचान पत्र और एक वीवो मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

इस मामले में आरोपी के खिलाफ थाना लालपुर-पाण्डेयपुर में NDPS एक्ट की धारा 08/20 और BNS की धारा 336(3) के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक धर्मेंद्र वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले मिर्जापुर में NDPS एक्ट और गुंडा एक्ट से जुड़े मामलों में शामिल रह चुका है।

यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह और SOG प्रभारी गौरव सिंह के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *