वाराणसी। शहर को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाने के लिए नगर निगम ने एक नई पहल शुरू की है। अब अगर कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकता हुआ दिखाई देता है, तो उसकी फोटो खींचकर नगर निगम को भेजने पर शिकायतकर्ता को ₹500 का इनाम दिया जाएगा। इसके साथ ही गंदगी फैलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई भी की जाएगी।
नागरिकों को बनाया गया स्वच्छता अभियान का भागीदार
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करें। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि स्वच्छ शहरों की सूची में वाराणसी को शीर्ष स्थान पर लाने के लिए यह कदम उठाया गया है। इसके अलावा शहर के रेस्टोरेंट, मिठाई और चाट दुकानदारों के लिए दुकान के सामने डस्टबिन रखना अनिवार्य कर दिया गया है। नियमों का पालन न करने पर पहले नोटिस और फिर जुर्माना लगाया जाएगा।
सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर सख्त निर्देश
शहर की साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं को लेकर नगर निगम ने अधिकारियों के साथ बैठक भी की। इस दौरान वरुणा नदी में जलकुंभी हटाने, एंटी लार्वा छिड़काव और गौशाला में बाउंड्री वॉल निर्माण को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नालों की सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
बैठक में महापौर अशोक तिवारी ने साफ-सफाई और विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। सिगरा क्षेत्र में सड़क निर्माण में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित इंजीनियरों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
