वाराणसी: वाराणसी के कैंट/जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा एजेंसियों ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया, जिसके पास से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म पर जांच अभियान चला रही थी, तभी एक युवक संदिग्ध गतिविधियों के चलते पुलिस के रडार पर आया।
बैग और सूटकेस से निकले नोटों के बंडल
जब टीम ने युवक के बैग और सूटकेस की तलाशी ली तो सभी हैरान रह गए। अंदर से करीब 16 लाख रुपये नकद बरामद हुए, जिन्हें अलग-अलग बैग और सामान में छुपाकर रखा गया था। बरामद रकम ज्यादातर छोटे नोटों में थी, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया। पूछताछ में युवक की पहचान रवि गुलाटी के रूप में हुई, जो शाहजहांपुर के तिलहर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। वह प्लेटफॉर्म नंबर 8-9 पर पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ही जांच को तेज किया गया था।
नहीं दिखा सका वैध दस्तावेज
पूछताछ के दौरान युवक ने खुद को कॉस्मेटिक कारोबारी बताया और दावा किया कि वह कटे-फटे नोट बदलवाने वाराणसी आया था। हालांकि, उसके पास इस दावे को साबित करने के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसी के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि बरामद रकम हवाला या टैक्स चोरी से जुड़ी हो सकती है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी कई बार वाराणसी आ चुका है, जिससे संदेह और गहरा गया है।
आयकर विभाग करेगा जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने आयकर विभाग को सूचना दे दी है। फिलहाल कैश को जब्त कर लिया गया है और आगे की जांच आयकर विभाग द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद नकदी का स्रोत क्या है और इसके पीछे कोई अवैध गतिविधि तो नहीं है।
