वाराणसी: के दो दिवसीय प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को धार्मिक आस्था और प्रशासनिक जिम्मेदारियों—दोनों पर बराबर फोकस रखा। सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लिया।

मंदिरों में किया विधिवत पूजन
बैठक के बाद मुख्यमंत्री सबसे पहले काल भैरव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन कर प्रदेश और देश की खुशहाली की कामना की।


बच्चियों से मुलाकात बनी खास पल
मंदिर से लौटते समय उनकी नजर सड़क किनारे फूल-माला बेच रही एक छोटी बच्ची पर पड़ी। मुख्यमंत्री ने रुककर उससे स्नेहपूर्वक बातचीत की और उसकी पढ़ाई के बारे में पूछा। पास खड़ी उसकी बड़ी बहन को भी उन्होंने पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी। इस दौरान उन्होंने बच्चों के परिजनों से भी बातचीत कर उनका हाल जाना।

BLW में किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
इसके बाद मुख्यमंत्री बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (BLW) पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों को उन्होंने जरूरी दिशा-निर्देश दिए और तैयारियों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

व्यवस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
निरीक्षण के दौरान श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, राय धर्मेंद्र सिंह, अश्वनी त्यागी, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक डॉ अवधेश सिंह, मंडलायुक्त एस राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, एडीजी जोन पियूष मोर्डिया, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि आदि लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कार्यक्रम को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को मजबूत और व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया, ताकि कार्यक्रम बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
