वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के नवापुरा बस्ती में पिछले वर्ष तेंदुए के हमले से प्रभावित ग्रामीणों से उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर ने रविवार को मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों का हालचाल जाना और प्रत्येक को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
पीड़ितों के घर पहुंचकर जानी स्थिति
मंत्री अनिल राजभर स्वयं प्रभावित परिवारों के घर पहुंचे और उनकी मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर संकट की घड़ी में पीड़ितों के साथ खड़ी रहती है और किसी भी नागरिक को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। इस दौरान उन्होंने सभी पीड़ितों को अनुग्रह राशि का चेक सौंपते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

तेंदुए के हमले से फैली थी दहशत
यह घटना मई 2025 की है, जब नवापुरा बस्ती में तेंदुए के अचानक पहुंचने से इलाके में भय का माहौल बन गया था। तेंदुए ने ग्रामसभा कमौली के सुनील, गौराकलॉ के जयदेव और शंकरपुर (नवापुर) के प्रदीप मौर्य पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी और लोग अपने घरों से निकलने में डरने लगे थे।
वन विभाग और प्रशासन ने चलाया था अभियान
हमले की सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चलाया था। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए गए और विशेषज्ञों की मदद भी ली गई। कई दिनों तक चले अभियान के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
सरकार ने निभाया वादा
घटना के बाद मंत्री अनिल राजभर ने पीड़ितों के इलाज और मदद के लिए त्वरित कार्रवाई की थी। उन्होंने शासन स्तर पर आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया था, जिसे अब पूरा करते हुए पीड़ितों को सहायता राशि प्रदान की गई। इस मौके पर मंत्री के साथ कई स्थानीय प्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे।
