वाराणसी। वरुणा जोन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP) वरुणा जोन नीतू कादयान के नेतृत्व में रोहनिया पुलिस ने ग्राम गोविन्दपुर में हुई हाई-प्रोफाइल चोरी का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
30 लाख का माल, कार और अवैध असलहा बरामद
पुलिस ने मुखबिर की सूचना और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी शनि धरिकार को परमानंदपुर स्थित चौरा माता मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 30 लाख रुपये मूल्य का गला हुआ सोना (180.460 ग्राम) और चांदी (818 ग्राम) बरामद हुई। इसके अलावा 8500 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त होंडा अमेज कार, एक .315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।
विंध्याचल दर्शन गए परिवार के घर को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, 21/22 मार्च की रात गोविन्दपुर निवासी परिवार विंध्याचल दर्शन के लिए गया हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए अलमारी के ताले तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घर लौटने पर घटना का पता चलने पर पीड़ित ने थाना रोहनिया में मुकदमा दर्ज कराया।
रेकी कर बनाते थे निशाना, जेवर पिघलाकर मिटाते थे पहचान
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ बंद घरों की पहले रेकी करता था और मौका मिलते ही चोरी को अंजाम देता था। चोरी के बाद जेवरात को पिघलाकर उनकी पहचान मिटा दी जाती थी और फिर उन्हें शहर से बाहर बेचने की योजना बनाई जाती थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया।
हिस्ट्रीशीटर निकला आरोपी, पुलिस टीम को इनाम
गिरफ्तार अभियुक्त शनि धरिकार का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ वाराणसी के कई थानों में चोरी और लूट के करीब 20 मुकदमे दर्ज हैं। इस सफलता पर पुलिस अधिकारियों ने रोहनिया थाना प्रभारी और टीम की सराहना करते हुए 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।
अपराधियों को सख्त संदेश
पुलिस की इस कार्रवाई से साफ संकेत दिया गया है कि वरुणा जोन में अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सक्रिय है और अपराधियों की जगह सिर्फ जेल में है।
