• Banaras Now, Varanasi
  • May 30, 2026

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 28 अप्रैल को वाराणसी से एक बड़ी रेल सौगात देने जा रहे हैं। वे बरेका स्थित जनसभा स्थल से बनारस-हडपसर (पुणे) के बीच चलने वाली नई ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

यह ट्रेन पूरी तरह नॉन-एसी प्रीमियम श्रेणी की होगी, जिसमें स्लीपर और जनरल कोच शामिल किए गए हैं। उद्घाटन के दिन यह स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाई जाएगी, जिसका सीधा प्रसारण बनारस स्टेशन पर भी किया जाएगा।

रेलवे बोर्ड से अनुमति मिलने के बाद स्टेशन पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। यह ट्रेन बनारस से शुरू होने वाली दूसरी और वाराणसी होकर गुजरने वाली कुल छठी अमृत भारत एक्सप्रेस होगी। ट्रेन का रैक पहले ही बनारस स्टेशन पहुंच चुका है।

ट्रेन का रूट और समय

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 22589 बनारस से शाम 6:15 बजे रवाना होगी। यह ज्ञानपुर रोड, प्रयागराज जंक्शन, फतेहपुर, गोविंदपुरी, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना और रानी कमलापति स्टेशन होते हुए अगले दिन रात 12:10 बजे हडपसर (पुणे) पहुंचेगी।

वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 22590 हडपसर से दोपहर 2:30 बजे चलेगी। कुल 22 कोच वाली इस ट्रेन का प्राथमिक मेंटेनेंस बनारस में ही किया जाएगा।

यात्रियों को मिलेगा नया विकल्प

वाराणसी से पुणे के लिए यह दूसरी सीधी ट्रेन होगी। फिलहाल, ज्ञानगंगा सुपरफास्ट एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन चलती है, जबकि दरभंगा-पुणे एक्सप्रेस वाराणसी होकर गुजरती है। नई ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को सफर के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

पीएम दौरे को लेकर सुरक्षा तैयारियां

प्रधानमंत्री के दो दिवसीय दौरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। बरेका, बाबतपुर एयरपोर्ट और अन्य कार्यक्रम स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। एसपीजी टीम भी दौरे से पहले सभी व्यवस्थाओं का जायजा लेगी और सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा करेगी।

तैयारियों की समीक्षा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने वाराणसी पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जिम्मेदारियों का बंटवारा किया और सभी से कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि देश के विकास में महिलाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है और सरकार लगातार उन्हें सशक्त बनाने के लिए काम कर रही है।

बनारस से पुणे के बीच शुरू होने जा रही अमृत भारत एक्सप्रेस न केवल यात्रियों के लिए सुविधाजनक साबित होगी, बल्कि वाराणसी को देश के अन्य बड़े शहरों से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाएगी। प्रधानमंत्री के इस दौरे के साथ ही काशी को एक और बड़ी रेल परियोजना की सौगात मिलने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *