• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

वाराणसी: जिले के राजातालाब क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक कपड़े के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में स्थित कोल्डड्रिंक के गोदाम को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही पूरे परिसर में धुआं फैल गया और कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

घटना के समय गोदाम के अंदर करीब 15 लोग मौजूद थे। स्थानीय लोगों और दमकल टीम की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

कोल्डड्रिंक का स्टॉक भी जला

आग की चपेट में आने से पास के गोदाम में रखी बड़ी मात्रा में कोल्डड्रिंक भी जलकर नष्ट हो गई। आग की वजह से आसपास के क्षेत्र में काफी देर तक धुआं छाया रहा। गोदाम से जुड़े व्यापारी त्रिभुवन प्रसाद केसरी ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही जब वह मौके पर पहुंचे, तब तक आग काफी फैल चुकी थी। उनके अनुसार, इस घटना में करीब 7 से 8 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

दमकल की देरी पर उठे सवाल

व्यापारी ने आरोप लगाया कि सूचना देने के काफी देर बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, जिसके कारण आग पर नियंत्रण पाने में समय लगा और नुकसान बढ़ गया।

जांच जारी, शॉर्ट सर्किट की आशंका

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है और प्रशासन द्वारा पूरी घटना की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *