वाराणसी। नगर निगम ने टैक्स बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। जलकर, सीवर कर और गृहकर के बकायेदारों को आज (31 मार्च) रात 12 बजे तक अंतिम मौका दिया गया है। इसके बाद 1 अप्रैल से कुर्की, जब्ती और नीलामी की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
नगर निगम के अनुसार, शहर में करीब 83,000 भवनों को चिन्हित किया गया है, जिन पर लगभग 18 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है। जोनवार सूची तैयार कर ली गई है और विशेष अभियान के तहत कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए नगर निगम मुख्यालय और सभी जोनल कार्यालयों के टैक्स कलेक्शन सेंटर आज रात 9 बजे तक खुले रहेंगे। इसके साथ ही ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है, जिसे www.nnvns.org.in के माध्यम से किया जा सकता है।
दुकानदारों के लिए कड़े नियम
- 31 मार्च तक टैक्स का भुगतान न करने पर 50% विलंब शुल्क लगाया जाएगा
- बार-बार नोटिस के बावजूद भुगतान न करने वालों की दुकानें सील की जाएंगी
अब तक 1.48 लाख से अधिक लोगों ने जमा किया टैक्स
नगर निगम के मुताबिक, अब तक 1.48 लाख से अधिक लोगों ने गृहकर, जलकर और सीवर कर के रूप में कुल 185.78 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।
जोनवार बकाया (मुख्य आंकड़े)
- आदमपुर – 15,800 भवन | ₹5.80 करोड़
- भेलूपुर – 16,300 भवन | ₹0.55 करोड़
- दशाश्वमेध – 14,200 भवन | ₹5.20 करोड़
- कोतवाली – 4,600 भवन | ₹1.70 करोड़
- वरुणापार – 12,300 भवन | ₹1.10 करोड़
- सारनाथ – 16,650 भवन | ₹3.65 करोड़
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि अब किसी भी प्रकार की राहत नहीं दी जाएगी और बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
