उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी माँ के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मौलाना अब्दुल्ला सलीम को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एक वायरल वीडियो के सामने आने के बाद की गई, जिसमें मौलाना एक धार्मिक सभा के दौरान विवादित बयान देते हुए नजर आया था।
जानकारी के अनुसार, मौलाना अब्दुल्ला सलीम बिहार के जोकीहाट क्षेत्र का निवासी है। यूपी STF की टीम ने उसे पूर्णिया जिले के दलमालपुर चौक इलाके से पकड़ा और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उत्तर प्रदेश लाया जा रहा है।
AIMIM विधायक अख्तरुल ईमान ने की गिरफ्तारी की पुष्टि
इस मामले में अमौर विधानसभा क्षेत्र से AIMIM विधायक अख्तरुल ईमान ने भी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्हें यह स्पष्ट नहीं था कि मौलाना को पुलिस ने हिरासत में लिया है या किसी और ने पकड़ा है। बाद में पुलिस से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि उसे यूपी STF ने कानूनी कार्रवाई के तहत हिरासत में लिया है।
दरअसल, बीते 6 मार्च को सोशल मीडिया पर मौलाना का एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी माँ के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहा था। इसके बाद राज्य में इस बयान को लेकर काफी आक्रोश देखने को मिला।
इस वीडियो के सामने आने के बाद कई संगठनों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने कड़ी आपत्ति जताते हुए मौलाना के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश में 120 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के बाद अब यूपी पुलिस मौलाना से पूछताछ करेगी और पूरे मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी। इस घटना के बाद उत्तर प्रदेश और बिहार दोनों राज्यों की पुलिस सतर्क हो गई है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
