वाराणसी: चौबेपुर क्षेत्र से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी पिता ने अपनी ही 8 वर्षीय मासूम बेटी के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को उस समय धर दबोचा जब वह शहर छोड़कर भागने की फिराक में था।
सोते समय मासूम को बनाया निशाना
घटना 18 अप्रैल की रात की है। पीड़िता की मां के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण वह घर की छत पर सोने चली गई थी, जबकि उसकी 8 साल की बेटी (कक्षा 4 की छात्रा) नीचे कमरे में सो रही थी। इसी बीच आरोपी पिता कमरे में दाखिल हुआ और मासूम के साथ गलत काम करने लगा। बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर जब मां नीचे पहुंची, तो आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
पीड़िता की मां सुबह होते ही अपनी बेटी को लेकर चौबेपुर थाने पहुंची और आपबीती सुनाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत टीमों का गठन किया। आरोपी पिता मुंबई भागने की योजना बना चुका था और सारनाथ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
शराब के नशे का बहाना
थाने में हुई पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि वह घटना के वक्त अत्यधिक शराब के नशे में था। हालांकि, पुलिस इसे जघन्य अपराध मानते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई कर रही है।
चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराए गए मेडिकल परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है। आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और दुष्कर्म की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है तथा न्यायिक हिरासत में भेजकर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
