• Banaras Now, Varanasi
  • May 30, 2026

वाराणसी। जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, वाराणसी द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार जिले के सभी विद्यालयों को 19 मई से 25 मई 2026 तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जारी आदेश में बताया गया है कि जिलाधिकारी वाराणसी के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है। आदेश के तहत परिषदीय विद्यालयों, माध्यमिक विद्यालयों, सीबीएसई बोर्ड, आईसीएसई बोर्ड तथा अन्य सभी बोर्ड से संचालित स्कूलों में शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद रहेगा। इस अवधि में विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति भी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।

बीएसए अनुराग श्रीवास्तव द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि अत्यधिक तापमान और हीट वेव के कारण बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। साथ ही सभी विद्यालयों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी विद्यालय द्वारा निर्देशों की अवहेलना की जाती है तो संबंधित संस्थान के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस आदेश की प्रतिलिपि महानिदेशक स्कूल शिक्षा, जिलाधिकारी वाराणसी, शिक्षा निदेशक तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *