लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गैस की बढ़ती समस्या को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि गैस की किल्लत को देखते हुए उन्होंने अपने घर में मिट्टी के चूल्हे मंगवा लिए हैं और अब लकड़ी व कोयले से खाना बनाने की तैयारी कर ली है।
अखिलेश यादव ने कहा, “मैंने पहले ही कहा था कि कंडे, लकड़ी और अंगीठी तैयार कर लो, लेकिन लोगों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। अब गैस की दिक्कत सबको आएगी— हमें भी और आपको भी। इसलिए हमने वैकल्पिक व्यवस्था कर ली है।”
गरीब, छात्र और छोटे व्यापारियों पर असर
सपा प्रमुख ने कहा कि गैस संकट का सबसे ज्यादा असर गरीबों, छात्रों और छोटे कारोबारियों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जो लोग रोज ठेले पर चाट, मोमोज, मैगी या अन्य खाने-पीने का सामान बेचते हैं, उनके लिए यह स्थिति बेहद कठिन हो गई है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “जब गैस पर ही भरोसा नहीं रहेगा, तो एक कचौड़ी या समोसा भी बनाना मुश्किल हो जाएगा। इससे आम लोगों की रोजी-रोटी पर असर पड़ रहा है।”
बढ़ती समस्या पर जताई चिंता
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर यही स्थिति बनी रही तो आने वाले समय में हर वर्ग को परेशानी झेलनी पड़ेगी। उन्होंने सरकार से इस समस्या का समाधान निकालने की जरूरत पर जोर दिया।
गैस संकट को लेकर दिया गया यह बयान अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है और प्रदेश में इस मुद्दे पर बहस तेज हो गई है।
