• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में सोमवार देर रात छात्रों ने कुलपति आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामला भगवानदास छात्रावास से जुड़ा है, जहां वार्डन द्वारा एक कमरे को बंद किए जाने को लेकर छात्रों में आक्रोश फैल गया।

बताया जा रहा है कि एक निष्कासित छात्र हॉस्टल में भोजन करने पहुंचा था। इसी दौरान वार्डन मौके पर पहुंचे और उसके साथ रहने वाले छात्र का कमरा नंबर 90 भी बंद कर दिया। छात्रों का आरोप है कि दूसरे छात्र की कोई गलती नहीं थी, फिर भी उसे कमरे से बाहर निकाल दिया गया।

घटना के बाद छात्रों और प्राक्टोरियल बोर्ड के कर्मचारियों के बीच कहासुनी भी हुई। एक छात्र ने बताया कि “शनि” नाम के छात्र को पहले ही विवाद के चलते निष्कासित किया जा चुका था, लेकिन उसके साथ रहने वाले दूसरे छात्र को भी बेवजह बाहर कर दिया गया। वार्डन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

आक्रोशित छात्र देर रात वीसी आवास के बाहर धरने पर बैठ गए और वार्डन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। छात्रों का कहना है कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, उनका विरोध जारी रहेगा।

स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल और प्राक्टोरियल बोर्ड की टीम तैनात कर दी गई है। प्रशासन की ओर से छात्रों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है, हालांकि देर रात तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *