नई दिल्ली: राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। टैक्सींग के दौरान स्पाइसजेट का एक विमान अकासा एयर के खड़े विमान से टकरा गया, जिससे दोनों विमानों को नुकसान पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, स्पाइसजेट का बोइंग 737-700 विमान रनवे की ओर बढ़ रहा था, तभी उसका विंग अकासा एयर के पहले से खड़े विमान से जा भिड़ा। इस टक्कर में स्पाइसजेट के विमान का दाहिना विंगलेट क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि अकासा एयर के विमान के बाएं हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है।
दोनों विमानों को ऑपरेशन से हटाया गया
घटना के बाद एहतियातन दोनों विमानों को तत्काल ऑपरेशन से बाहर कर दिया गया है। स्पाइसजेट का विमान दिल्ली एयरपोर्ट पर ही खड़ा कर दिया गया है, जबकि अकासा एयर के विमान को भी उड़ान के लिए अयोग्य घोषित किया गया है।
यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया
अकासा एयर की ओर से जारी बयान में बताया गया कि उनकी फ्लाइट हैदराबाद के लिए रवाना होने वाली थी, लेकिन घटना के बाद विमान को वापस बे पर लाना पड़ा। सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। एयरलाइन ने यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की बात कही है।
स्पाइसजेट ने भी दी जानकारी
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि टैक्सींग के दौरान हुई इस घटना में उनके विमान के विंगलेट को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल विमान को जांच के लिए दिल्ली में ही रोका गया है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
गौरतलब है कि इससे पहले फरवरी 2026 में मुंबई एयरपोर्ट पर भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जब दो विमानों के विंग आपस में टकरा गए थे। हालांकि, उस दौरान भी कोई बड़ा नुकसान या जनहानि नहीं हुई थी।
फिलहाल, इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है और एयरपोर्ट अथॉरिटी पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है।
