• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

वाराणसी: हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “नारी शक्ति पदयात्रा-2026” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

पदयात्रा की शुरुआत महाविद्यालय परिसर से हुई और यह चौक क्षेत्र तक निकाली गई। कार्यक्रम का नेतृत्व डॉ. गीता रानी ने किया, जो विश्व हिंदू महासंघ के मातृ शक्ति प्रकोष्ठ की राष्ट्र उपाध्यक्ष और भाजपा काशी क्षेत्र की सहसंयोजक (श्रम प्रकोष्ठ) हैं।

छात्राओं की सक्रिय भागीदारी

इस आयोजन में लगभग 50 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इसमें एनएसएस और एनसीसी से जुड़ी छात्राएं भी शामिल रहीं। पूरे मार्ग में छात्राओं ने महिला सम्मान और सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।

नारी सम्मान का लिया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने एक स्वर में नारी सम्मान और शक्ति को लेकर संकल्प लिया—

“नारी सम्मान हमारा अभिमान,
नारी शक्ति राष्ट्र की पहचान।”

इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने शपथ लेते हुए महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और स्वाभिमान की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहने का संकल्प लिया। साथ ही समाज में फैले भेदभाव, अन्याय और अत्याचार के खिलाफ जागरूकता फैलाने का भी वादा किया।

जागरूकता फैलाना रहा मुख्य उद्देश्य

इस पदयात्रा का उद्देश्य छात्राओं और समाज के बीच महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान को लेकर जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम में श्रीमती दिव्यानी बरनवाल (कार्यक्रम प्रभारी), डॉ. गरिमा सिंह, डॉ. आकांक्षा सिंह, श्रीमती निधि, डॉ. सोनल सिंह, डॉ. पूर्णिमा पाल और डॉ. पूजा वर्मा सहित महाविद्यालय की कई शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *