वाराणसी। गंगा नदी में नाव पर सवार होकर बीयर पीने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार सुबह अस्सी घाट इलाके से आरोपी को पकड़ लिया गया। उसकी पहचान अर्जुन राजभर (25 वर्ष), निवासी नगवां के रूप में हुई है, जो नाव डेकोरेशन का काम करता है।

वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में कुछ युवक नाव पर सवार होकर बीयर पीते और गाने बजाकर मस्ती करते नजर आ रहे थे। मामला सामने आते ही पुलिस ने जांच शुरू की और वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
‘बधावा’ यात्रा के दौरान हुई घटना
यह घटना रविवार की बताई जा रही है, जब अष्टमी के अवसर पर बड़ी संख्या में नाविक ‘बधावा’ लेकर अदलपुरा स्थित शीतला माता मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे। जानकारी के अनुसार, करीब 4,000 नाविक लगभग 1,500 नावों के साथ गंगा में उतरे थे। इस दौरान कई नावों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था और कुछ पर डीजे व साउंड सिस्टम भी लगाए गए थे।
प्रशासन के प्रतिबंध के बावजूद हुई पार्टी
गौरतलब है कि गंगा नदी की सुरक्षा और धार्मिक महत्व को देखते हुए प्रशासन द्वारा नावों पर डीजे बजाने और पार्टी करने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद कुछ नावों पर पार्टी और शराब सेवन की घटना सामने आने से पुलिस और जल पुलिस की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।
इस मामले में मां गंगा निषादराज सेवा न्याय संगठन ने एसीपी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि ‘बधावा’ यात्रा एक परंपरा है, लेकिन शराब सेवन जैसी गतिविधियों को पूरे समाज से जोड़ना उचित नहीं है।
