गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को लेकर लगाए गए विवादित पोस्टरों से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। शहर के अंबेडकर चौराहा और एसपी ऑफिस के पास समेत कई स्थानों पर ये पोस्टर लगाए गए, जिसके बाद सपा कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताया।
पोस्टर में अखिलेश पर निशाना, योगी को बताया ‘धुरंधर’
बताया जा रहा है कि ये पोस्टर ‘यूथ अगेंस्ट माफिया’ नामक संगठन द्वारा लगाए गए हैं। पोस्टरों में अखिलेश यादव को फिल्म ‘धुरंधर’ के किरदार ‘रहमान डकैत’ के रूप में दर्शाया गया है। उनकी एडिटेड तस्वीर के साथ ‘अखिलेश का ल्यारी राज’ लिखा गया है और सपा शासनकाल के दौरान हुए दंगों से जुड़ी खबरों की कटिंग भी लगाई गई है।

वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर के साथ ‘धुरंधर सीएम’ लिखा गया है। इसमें माफिया अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी के खिलाफ हुई कार्रवाई से जुड़ी खबरों को भी दिखाया गया है। पोस्टर में जनता से सवाल किया गया है—‘आपको क्या चाहिए?’
सपा का विरोध, कार्रवाई की तैयारी
इन पोस्टरों को लेकर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। सपा अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष अफजल खान और अन्य कार्यकर्ताओं ने कई जगहों पर पोस्टर फाड़ दिए। उनका कहना है कि यह राजनीतिक द्वेष फैलाने की कोशिश है और पार्टी इस मामले में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग करेगी।
फिलहाल इस विवाद ने चुनाव से पहले प्रदेश की राजनीति को और गरमा दिया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।
