• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

वाराणसी। काशी में गंगा नदी के बीच नावों पर पार्टी करने का मामला सामने आया है। नाविकों द्वारा बीच धारा में बीयर पीने और डीजे की धुन पर नाचने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार की है, जब अष्टमी के अवसर पर बड़ी संख्या में नाविक ‘बधावा’ लेकर अदलपुरा स्थित शीतला माता मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान कुछ नावों पर रंग-बिरंगी लाइटें लगाकर डीजे बजाया गया और लोगों ने जमकर डांस किया। वायरल वीडियो में युवक बीयर पीते हुए मस्ती करते नजर आ रहे हैं।


परंपरा के बीच मस्ती का वीडियो बना चर्चा का विषय

माझी समाज में शीतला माता को कुलदेवी के रूप में पूजा जाता है। हर वर्ष शीतला सप्तमी और अष्टमी पर बड़ी संख्या में नाविक ‘बधावा’ लेकर मिर्जापुर के अदलपुरा धाम पहुंचते हैं। इस दौरान पारंपरिक ‘बधवा’ गीत गाकर माता का गुणगान किया जाता है और विशेष पूजा-अर्चना की जाती है।

हालांकि इस बार धार्मिक यात्रा के बीच नावों पर पार्टी और शराब सेवन का वीडियो सामने आने से यह मामला चर्चा में आ गया है।


हजारों नाविक निकले थे शीतला धाम के लिए

जानकारी के अनुसार, वाराणसी से करीब 4,000 नाविक लगभग 1,500 नावों के साथ गंगा में उतरे थे। सभी लोग शीतला माता के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। कई नावों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था और कुछ पर बड़े साउंड सिस्टम भी लगाए गए थे।

इसी दौरान रात में कुछ नावों पर पार्टी होने और डीजे बजाने की बात सामने आई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


प्रशासन के नियमों की अनदेखी

गंगा नदी की सुरक्षा और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए वाराणसी प्रशासन द्वारा नावों पर डीजे बजाने और किसी भी तरह की पार्टी करने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद खुलेआम इस तरह की गतिविधि होने से पुलिस और जल पुलिस की निगरानी पर सवाल उठने लगे हैं।


निषाद समाज ने की कार्रवाई की मांग

मां गंगा निषादराज सेवा न्याय संगठन ने इस मामले में एसीपी को ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि हर साल परंपरा के तहत डीजे के साथ ‘बधावा’ यात्रा निकाली जाती है, लेकिन शराब सेवन जैसी गतिविधियों को पूरे समाज से जोड़ना गलत है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


पुलिस ने कहा- वीडियो की जांच जारी

इस मामले पर एसीपी अतुल अंजान ने बताया कि एक वीडियो संज्ञान में आया है। वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान की जा रही है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।


शीतला माता धाम का धार्मिक महत्व

मिर्जापुर के अदलपुरा स्थित शीतला माता मंदिर में दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। शीतला अष्टमी के दिन ‘बासौड़ा’ यानी ठंडे भोजन का भोग लगाने की परंपरा है। मान्यता है कि इससे माता प्रसन्न होती हैं और परिवार को सुख-समृद्धि व स्वास्थ्य का आशीर्वाद देती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *