• Banaras Now, Varanasi
  • April 20, 2026

वाराणसी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान और औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ के साथ विधि-विधान से पूजन और जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का यह दौरा धार्मिक आस्था के साथ-साथ राजनीतिक और आर्थिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। वाराणसी आगमन पर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने स्वयं उनकी अगवानी की। इस मौके पर अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

दरअसल, डॉ. मोहन यादव वाराणसी में आयोजित एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन में शामिल होने आए हैं। यह सम्मेलन दोनों राज्यों के बीच औद्योगिक, व्यापारिक और निवेश सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके माध्यम से निवेश और निर्यात के क्षेत्र में नई संभावनाएं बनने की उम्मीद है।

दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेश और देश की प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। उन्होंने इसे अपने जीवन का सौभाग्य बताते हुए कहा कि बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद उन्हें जनसेवा के कार्यों में और अधिक ऊर्जा प्रदान करेगा। उनके साथ मौजूद मंत्रियों ने भी देश की उन्नति और समाज की भलाई के लिए प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *