• Banaras Now, Varanasi
  • July 15, 2026

वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के हरिहरपुर (भूलनपुर) में शनिवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक पीएसी (PAC) जवान ने मामूली विवाद के बाद सड़क किनारे सब्जी बेच रहे एक दंपति पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पति और पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित दंपति मूल रूप से भदोही जिले के औराई थाना अंतर्गत वैदेही गांव के निवासी हैं। गीता देवी और उनके पति राधेश्याम वर्तमान में हरिहरपुर स्थित उद्देश्य नगर में सड़क किनारे सब्जी की दुकान लगाकर अपना जीवनयापन करते हैं। शनिवार शाम करीब 6:00 बजे किसी बात को लेकर पीएसी जवान और दंपति के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठी। जवान ने पास में ही पड़ी लोहे की रॉड उठाई और दोनों पर ताबड़तोड़ प्रहार करना शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमला इतना जबरदस्त था कि दंपति लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जवान मौके से भागकर अपने कैंपस में छिप गया। हालांकि, मामले को मोड़ देने के लिए वह कुछ ही देर बाद “नाटकीय” तरीके से खुद भी बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।

एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि पुलिस घटना के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आरोपी के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में पुलिस कैंपस और अस्पताल दोनों स्तरों पर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *