• Banaras Now, Varanasi
  • July 14, 2026

वाराणसी: के बड़ागांव क्षेत्र के अनेई बाजार में बुधवार दोपहर एक भीषण आग की घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। जल निगम द्वारा जल जीवन मिशन के तहत रखी गई पाइपों में अचानक आग लग गई, जिससे आसमान में उठता काला धुआं करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा।

खुले मैदान में रखी पाइपों में लगी आग

तुलसीदास इंटर कॉलेज के खेल मैदान के पास खाली पड़ी जमीन पर जल निगम ने महीनों से पाइपों का स्टॉक जमा कर रखा था। बुधवार करीब दोपहर 1 बजे अचानक इन पाइपों में आग भड़क उठी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया।

फायर ब्रिगेड को करना पड़ा संघर्ष

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने की कोशिश की गई और कुछ पाइपों को अलग कर नुकसान कम करने का प्रयास किया गया। हालांकि, पानी खत्म होने के कारण आग पर तुरंत पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। स्थानीय पुलिस के अनुसार, शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों से निकली चिंगारी के कारण आग लगी होगी। हालांकि, वास्तविक कारणों की जांच अभी जारी है।

ट्रांसफार्मर भी चपेट में आया

बताया जा रहा है कि आग की चपेट में पास में लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर भी आ गया, जिससे वह पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। इस घटना से लाखों रुपये की पाइपें जलकर राख हो गईं।

ग्रामीणों ने जल निगम विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पाइपें लंबे समय से खुले में पड़ी थीं, जिनकी सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया था। यदि समय रहते इनका उपयोग या सुरक्षित भंडारण किया जाता, तो इतना बड़ा नुकसान टाला जा सकता था।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है। साथ ही जल जीवन मिशन की परियोजना को भी इस आग से भारी नुकसान पहुंचा है, क्योंकि ये पाइपें ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के लिए इस्तेमाल की जानी थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *