• Banaras Now, Varanasi
  • April 18, 2026

वाराणसी: कमिश्नरेट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक 19 वर्षीय युवक की जान बचा ली। चोलापुर थाना क्षेत्र में यह पूरी घटना महज 17 मिनट के भीतर हुई, जहां सोशल मीडिया पर मिले अलर्ट के आधार पर पुलिस समय रहते मौके पर पहुंच गई।

जानकारी के अनुसार, युवक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर खुदकुशी की बात लिखी थी। यह पोस्ट Meta के अलर्ट सिस्टम के जरिए सीधे पुलिस मुख्यालय तक पहुंची, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर सोशल मीडिया सेल ने युवक की लोकेशन ट्रेस कर चोलापुर थाने को सूचना दी।

समय रहते पहुंची पुलिस

उपनिरीक्षक अवनीश मिश्रा और आरक्षी विकास शर्मा तुरंत बताए गए पते पर पहुंचे। उस समय युवक जहरीला पदार्थ पीने की तैयारी में था। पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए उसके हाथ से जहर का गिलास छीन लिया और परिजनों की मदद से उसे प्राथमिक उपचार दिलाया।

मानसिक तनाव बना वजह

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि युवक मजदूरी करता है और एकतरफा प्रेम संबंध के कारण मानसिक तनाव में था। इसी दबाव में आकर उसने यह कदम उठाने की कोशिश की।

काउंसलिंग से बदला फैसला

पुलिस ने युवक को समझाते हुए काउंसलिंग की, जिसके बाद उसने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का भरोसा दिया। परिवार के लोगों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशील रवैये के लिए आभार जताया।

सोशल मीडिया अलर्ट सिस्टम की अहम भूमिका

गौरतलब है कि वर्ष 2022 से उत्तर प्रदेश पुलिस और Meta के बीच एक विशेष व्यवस्था लागू है, जिसके तहत फेसबुक और इंस्टाग्राम पर इस तरह की संवेदनशील पोस्ट पर तुरंत अलर्ट जारी किया जाता है। इस मामले में भी यही सिस्टम युवक की जान बचाने में मददगार साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *