वाराणसी: शॉर्ट वीडियो और सोशल मीडिया पर चमकने की चाहत ने शनिवार को एक किशोर की जान आफत में डाल दी। फूलपुर थाना अंतर्गत कठिगांव के बेहवरिया इलाके में दोपहर के वक्त तीन दोस्त एक मकान में अवैध तमंचे के साथ रील रिकॉर्ड कर रहे थे। इसी दौरान अचानक फायर हो गया और गोली सीधे 16 वर्षीय निखिल चौहान के चेहरे पर जा धंसी। खून से लथपथ किशोर को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ नाजुक हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक यूनिट मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। एसीपी पिंडरा प्रशांत सिंह के अनुसार, घायल किशोर अपने ननिहाल में रहता था और तीनों दोस्त अक्सर हथियार दिखाकर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया करते थे। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिग साथियों को हिरासत में ले लिया है और उनके पास से अवैध असलहा व मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। पीड़ित के पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, और पुलिस अब इस पहलू की जांच कर रही है कि इन नाबालिगों के हाथ यह अवैध हथियार कैसे लगा।
