वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के पांडेयपुर में गुरुवार तड़के एक प्रमुख साड़ी कारोबारी ने संदिग्ध परिस्थितियों में खुद को गोली मार ली। गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार गोली उनकी गर्दन में फंसी हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, पांडेयपुर में ‘श्रीराम साड़ी घर’ के संचालक 52 वर्षीय विजेंद्र सोनी सुबह करीब 5 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। कुछ ही दूरी पर स्थित अपने छोटे भाई जितेंद्र सोनी के आवास पर पहुंचकर उन्होंने फोन किया और तत्काल नीचे आने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि वे नीचे नहीं आए तो वह खुद को खत्म कर लेंगे।
जितेंद्र जब तक कुछ समझ पाते और नीचे पहुंचते, तब तक गोली चलने की आवाज गूंज उठी। परिजन बाहर दौड़े तो देखा कि विजेंद्र लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े थे। आनन-फानन में उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
आर्थिक संकट और अवसाद की आशंका
परिजनों ने बताया कि विजेंद्र की इकलौती बेटी का विवाह तय है। पिछले कुछ समय से वह भारी आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे, जिसके चलते वह गहरे मानसिक तनाव (डिप्रेशन) में आ गए थे। उनका इलाज वेदांता अस्पताल से चल रहा था। हालांकि, उन्होंने यह खौफनाक कदम किन परिस्थितियों में उठाया, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
एक ही परिसर में है तीनों भाइयों का कारोबार
पांडेयपुर स्थित एक ही व्यावसायिक भवन में तीनों भाइयों का प्रतिष्ठान है। बड़े भाई नरेंद्र सोनी ‘श्रीराम अलंकार ज्वेलर्स’, छोटे भाई जितेंद्र सोनी ‘जय मां दुर्गा ज्वेलर्स’ और विजेंद्र सोनी साड़ियों का व्यवसाय संभालते हैं। विजेंद्र के परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।
