नई दिल्ली: दिल्ली एयरपोर्ट पर शनिवार देर रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब टेकऑफ की तैयारी कर रहे स्विस एयरलाइंस के विमान में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट संख्या LX147 रात करीब 1:08 बजे उड़ान भरने वाली थी, तभी विमान के एक इंजन ने काम करना बंद कर दिया और उसमें आग लग गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए विमान को रनवे पर ही रोक दिया।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, घटना के तुरंत बाद फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए इमरजेंसी स्लाइड का सहारा लिया गया। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसमें 6 यात्रियों को हल्की चोटें आईं। राहत की बात यह रही कि सभी 232 यात्री, जिनमें 4 नवजात भी शामिल थे, सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।
यह विमान स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख के लिए रवाना होने वाला था। एयरलाइन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि टेकऑफ से पहले ही विमान के बाईं ओर स्थित लैंडिंग गियर से धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद तत्काल उड़ान रोकने का निर्णय लिया गया। एयरलाइन ने यह भी बताया कि स्थानीय टीमें मौके पर मौजूद हैं और यात्रियों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। घटना की विस्तृत जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम जल्द ही दिल्ली पहुंचेगी।
गौरतलब है कि दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बीते 10 दिनों में यह दूसरी बड़ी विमान संबंधी घटना है। इससे पहले 16 अप्रैल को दो विमानों की टक्कर का मामला सामने आया था, जिसमें हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ था।
इसके अलावा, हाल के महीनों में भी देश में विमान तकनीकी खराबी और इमरजेंसी लैंडिंग के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिससे हवाई सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल इस ताजा घटना में सभी यात्रियों की सुरक्षित निकासी को राहत भरी खबर माना जा रहा है।
